अधजल गगरी छलकत जाए

—

5–8 minutes
Lone figure standing at the center of a symbolic stone maze

यह कहावत तो आपने सुनी ही होगी – “अधजल गगरी छलकत जाए”, और आज के समय में यह उपयुक्त है। आज का समय ही क्यों – यह तो हर समय में सत्य रहा है। पर आज का समय इसका प्रमाण हर मिनट देता है। जिस गगरी (घड़े) में आधा पानी भरा होता है, वह चलने पर अधिक छलकती और आवाज़ करती है, जबकि पूरा भरा हुआ घड़ा शांत और स्थिर रहता है। यह कहावत अल्पज्ञान (Half-knowledge) के आडंबर का प्रतीक है। आज जानकारी आसानी से उपलब्ध है, लेकिन ‘सूचना’ और ‘ज्ञान’ या ‘विवेक’ के बीच अंतर समाप्त सा हो गया है। 2-मिनट की रील, X (ट्विटर) के 280 अक्षर या विकिपीडिया का पहला अनुच्छेद पढ़कर खुद को विशेषज्ञ समझ लेना आज की “अधजल गगरी” का सबसे सटीक उदाहरण है।

इसका विश्लेषण करें तो तीन बातें सामने आती हैं, जो इस समस्या की जड़ें हैं: हर विषय तक आसान पहुँच, अधीरता या व्याकुलता, और जानकारी प्राप्त करते समय पक्षपात।

सुलभता

जब ज्ञान का स्तर कम होता है, तो व्यक्ति को यह बोध ही नहीं होता कि विषय कितना व्यापक है। ऐसे में जब हर किसी को हर विषय तक का रास्ता बना कर दे दिया जाए, तो यह ज़रूरी नहीं कि उस व्यक्ति को उस ज्ञान का सही प्रयोग पता हो। उदाहरण के लिए गूगल डॉक्टर को लेते हैं – सिरदर्द या सामान्य लक्षण सर्च करने पर एल्गोरिदम सबसे चरम संभावना (जैसे ब्रेन ट्यूमर) तक ले जाता है। आधी-अधूरी मेडिकल जानकारी का इस्तेमाल करके खुद का इलाज करना या डॉक्टरों पर सवाल उठाना इसी अल्पज्ञान का नतीजा है। इसका एक और उदाहरण है सोशल मीडिया एक्सपर्ट, जो अर्थव्यवस्था, भू-राजनीति, या विज्ञान जैसे जटिल विषयों पर 30 सेकेंड में अंतिम निर्णय दे देते हैं। ऐसे विषयों पर कोई भी ज्ञान देने से पहले एक व्यक्ति वर्षों का शोध या अनुभव रखता है, कठोर अध्ययन करता है, और सहकर्मी समीक्षा (peer-review) के बाद ही अपनी राय रखता है। आधा-अधूरा सत्य कहने वाला शोर मचाता है, तुरंत बहस करता है, और बिना तर्क के दावे करता है। इसी को गगरी छलकना कहते हैं। एक सच्चा विद्वान सोच-समझकर बोलता है, सामने वाले की सुनता है, और आवश्यकता पड़ने पर अपनी अज्ञानता स्वीकार करता है। और इसे घड़े का स्थिर रहना कहते हैं।

इसे मनोविज्ञान में डनिंग-क्रूगर प्रभाव कहते हैं। डनिंग-क्रूगर प्रभाव मनोविज्ञान का एक ऐसा संज्ञानात्मक पूर्वाग्रह (cognitive bias) है, जिसमें कम ज्ञान या क्षमता वाले लोग खुद को बहुत बड़ा ज्ञानी या योग्य समझ बैठते हैं, जबकि किसी विषय के असली विशेषज्ञ या जानकार अक्सर अपनी क्षमता को कम आंकते हैं। जो लोग किसी क्षेत्र में पारंगत होते हैं, वे यह जानते हैं कि अभी कितना कुछ सीखना बाकी है। इसलिए वे अपनी काबिलियत को लेकर अधिक विनम्र या संकोची होते हैं। कम जानकारी वाले लोग यह समझ ही नहीं पाते कि उस विषय में कितनी गहराई और जटिलता है, इसलिए उनका आत्मविश्वास बिना आधार के बहुत ज्यादा होता है।

अधीरता

इस झूठे आत्मविश्वास में जब जल्दबाज़ी जुड़ जाती है, तो मिश्रण और भी खतरनाक हो जाता है। अगर आपके सामने एक समस्या है और आपका पहला खयाल ChatGPT या किसी अन्य LLM से पूछना है, तो आप भी इसका शिकार हैं। ज्ञान केवल उत्तर जानने का नाम नहीं है, बल्कि उस उत्तर तक पहुँचने की मानसिक प्रक्रिया का परिणाम है। जब कोई छात्र या शोधकर्ता किसी समस्या पर खुद 2 घंटे दिमाग खपाता है, तो भले ही उसे उत्तर न मिले, लेकिन उसका दिमाग विषय की जटिलता और उसकी सीमाओं को समझ चुका होता है।

परिणाम: जल्दी में उत्तर पाकर व्यक्ति सोचता है कि उसे विषय समझ आ गया, जबकि उसने केवल दूसरों के निष्कर्षों को पढ़ा है। ऐसा सतही ज्ञान बहुत हानिकारक हो सकता है।

एक सच्चा विशेषज्ञ जानता है कि एक छोटे से विषय में भी अनगिनत अपवाद और बारीकियां होती हैं। अधीरता आपको सवाल पूछने से रोकती है। जब आप किसी AI या सर्च इंजन से तुरंत उत्तर मांगते हैं, तो आप उत्तर स्वीकार करने की मनोदशा में होते हैं, सवाल उठाने की मनोदशा में नहीं। यहाँ सुविधा ने गहराई को मात दी है। ज्ञान की खोज एक कठिन और धीमी प्रक्रिया है। जब तकनीक इस कठिनाई को खत्म कर देती है, तो वह ज्ञान के मूल्य और उसकी गहराई को भी कम कर देती है।

‘उत्तर’ और ‘समझ’ में अंतर है। अर्थात, उत्तर होना और समझ आना दो अलग बातें हैं। उत्तर कोई भी टाइप करके निकाल सकता है, समझ केवल मानसिक परिश्रम और समय से आती है।

पक्षपात

अब इस मिश्रण को हम पुष्टि पूर्वाग्रह की आग दे देते हैं, तो बन जाता है एक विनाशकारी यंत्र। पुष्टि पूर्वाग्रह (confirmation bias), यानी जानकारी जुटाते समय पक्षपात, जहाँ आ जाता है, वहाँ दिमाग अपनी पुरानी धारणाओं को बचाए रखने के लिए चुनिंदा तरीके से काम करता है। दिमाग को नई और विरोधी जानकारी स्वीकार करने में मेहनत लगती है, इसलिए वह आसान रास्ता चुनता है और सिर्फ अपनी पसंद की बात सच मानता है।

सवाल का ढांचा ही उत्तर तय करता है: LLM और सर्च इंजन का डिजाइन अक्सर यूजर के प्रॉम्प्ट के अनुकूल उत्तर देने की दिशा में झुका होता है। उदाहरण के लिए अगर मैं किसी AI से पूछूँ कि “चपटी धरती पर गुरुत्वाकर्षण (gravitation) कैसे काम करता है?“, तो वह मुझे बता तो देगा, लेकिन यह नहीं बताएगा कि इस सवाल की मूल जानकारी ही गलत है। बल्कि मुझे तो यह पूछना चाहिए कि “धरती के गुरुत्वाकर्षण पर उसके आकार का क्या प्रभाव है?“। (Are you looking to gain knowledge or validate claims?) आधा-अधूरा ज्ञान रखने वाला व्यक्ति खुद को सही साबित करने के लिए आसानी से गलत सूचना का शिकार हो जाता है। सतही ज्ञान वाला व्यक्ति AI के उस काल्पनिक उत्तर को ‘वैज्ञानिक प्रमाण’ मान लेता है और उसका आत्मविश्वास (जो वास्तव में अज्ञानता है) और अधिक पक्का हो जाता है। अंत में बात सत्य की खोज बनाम अहंकार की संतुष्टि पर ही आ जाती है।

पक्षपात वह आग है जो ‘अधजल गगरी’ के पानी को भाप बनाकर उड़ा देती है और पीछे केवल अहंकार और भ्रम का खालीपन छोड़ती है।

जब तक कोई व्यक्ति अपने ही विचारों पर संदेह करना और खुद से कठिन सवाल पूछना नहीं सीखता, तब तक दुनिया की सारी जानकारी मिलकर भी उसे ज्ञानी नहीं बना सकती।

समाधान

अत्यधिक सूचना ज्ञान का विकल्प नहीं है। जैसे केवल रसोई में सामग्री होने से खाना अपने आप नहीं बन जाता, उसे पकाने की विधि और कौशल की आवश्यकता होती है। आज चुनौती जानकारी जुटाना नहीं, बल्कि मिली हुई जानकारी में से कचरा और सच अलग करना है। ‘अधजल गगरी‘ बनने से बचने के लिए हमें जल्दबाज़ी से पहुंचे हुए निष्कर्षों से बचना होगा, विशेषज्ञों के अनुभव का सम्मान करना होगा और किसी विषय की गहराई में जाने का धैर्य रखना होगा।

  • अन्य राय सुनें: हमेशा ऐसे लोगों की बातें भी सुनें जो आपसे अलग या विपरीत सोचते हों।
  • खुद से सवाल पूछें: जब कोई जानकारी मिले तो खुद से पूछें-“क्या ऐसा कोई सबूत है जो मेरी सोच को गलत साबित करता हो?”
  • खुले दिमाग से सोचें: अपनी राय बदलना कमजोरी नहीं है, बल्कि न सीखना और अपनी बात पर अड़े रहना बेवकूफी है।

मन बहुत बलवान है – दलदल से निकाल भी सकता है, और दलदल बन भी सकता है। आपकी मंजिल आपकी अपनी सोच पर ही निर्भर है।


Discover more from Priyafied

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Priyafied

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading